ललितपुर। तहसील सदर में नगर निकाय चुनाव को लेकर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद अध्यक्ष और वार्ड सभासद पद के उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। इस दौरान राष्ट्रीय पार्टियों के अधिकृत प्रत्याशियों को पार्टी का चुनाव चिह्न दिया गया। वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों को किताब, त्रिशूल, गदा, छाता सहित अन्य चिह्न दिए गए।
प्रक्रिया के दौरान समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी अरुणा कुमारी को साइकिल, बसपा प्रत्याशी क्रांति राकेश कुशवाहा को हाथी, कांग्रेस की निधि दुबे को हाथ, आम आदमी पार्टी की मीना राजा को झाड़ू, भारतीय जनता पार्टी की सरला जैन अभिलाषा को कमल का फूल और जन अधिकार पार्टी की प्रत्याशी वंदना को गैस सिलिंडर चुनाव चिह्न दिया गया।
वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों में प्रभा को वृक्ष, राबिया को हथौड़ा, रूबी चंदेल को अनार, सरोज को पानी का नल व हेमलता को पहिया चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। इसके साथ ही वार्ड सभासद पद के प्रत्याशियों को भी चुनाव आयोग द्वारा अधिकृत चुनाव चिह्न त्रिशूल, किताब, गदा, छाता सहित अन्य चिह्न दिए गए। राजनीतिक दल के वार्ड सभासद प्रत्याशियों को पार्टी का सिंबल दिया गया।
-
पर्ची के जरिए हुआ चुनाव चिह्न का आवंटन
रिटर्निंग ऑफिसरों ने अधिकांश वार्ड सभासद प्रत्याशियों को वहीं चिह्न आवंटित किए, जो उन्होंने विकल्प के तौर पर मांगे थे। कुछ वार्ड सभासद प्रत्याशियाें ने नामांकन पत्र में एक ही चिह्न भर दिया था। ऐसी स्थिति में रिटर्निंग ऑफिसरों ने पहले तो दोनों में समझौता कराने का प्रयास किया। लेकिन जब समझौता नहीं हुआ तो पर्ची डालकर चुनाव चिह्न का आवंटन किया गया।
-
चुनाव कार्यालयों में होनी लगी रणनीति तैयार
शुक्रवार को चुनाव चिह्न मिलने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष और वार्ड सभासद पद के प्रत्याशी अपने अपने क्षेत्रों में चुनाव कार्यालय को खोलकर चुनाव की रणनीति तैयार करने लगे। अब प्रत्याशियों का पूरा ध्यान चुनाव के प्रचार व मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने पर है।