जालौन जिले के नदी गांव में एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गर्दन काट दी। इसके बाद ससुराल में फोन कर कहा कि ‘मैंने रश्मि की हत्या कर दी है... लाश उठा ले जाओ’। महिला का तीन दिन से इलाज मेडिकल कॉलेज चल रहा था। बुधवार को उसकी मौत हो गई।
राजगढ़ बिजौली निवासी राकेश श्रीवास्तव ने अपनी बेटी रश्मि (35) की शादी तकरीबन 10 साल पहले जालौन जिले के नदीगांव में रहने वाले राजेश श्रीवास्तव के साथ की थी। परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से ही राजेश का व्यवहार ठीक नहीं था। 30 जुलाई की रात रश्मि सो रही थी। इसी दरम्यान पति राजेश श्रीवास्तव ने उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया।
उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने रश्मि के परिजनों को फोन कर हत्या की सूचना देते हुए लाश उठा ले जाने की बात कही। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। जानकारी होने पर महिला को गंभीरावस्था में इलाज के लिए झांसी मेडिकल कालेज लाया गया। यहां बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।