झांसी में उल्टी दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। उसको मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में वेंटीलेटर पर रखा गया है। महिला अपने पिता की गमी में पति के साथ बृहस्पतिवार की रात मायके जा रही थी।
परिजनों के मुताबिक सुरेंद्र पाल (43) के ससुर रघुवीर सिंह सेवानिवृत्त होने के बाद मऊरानीपुर में रहते थे। बृहस्पतिवार शाम रघुवीर की मौत हो गई थी। सुरेंद्र अपनी पत्नी प्रभा (40) को लेकर बाइक से मऊरानीपुर जा रहा था। जैसे ही वह लोग भगवंतपुरा से आगे बढ़े वहां उल्टी दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर सुरेंद्र सीधे ट्रक के नीचे आ गया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई जबकि, प्रभा छिटककर कुछ दूर गिरी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर एंबुलेंस पहुंच गई। प्रभा को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। उसे आईसीयू में वेंटीनेटर पर रखा गया है। उधर, हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। महिला की तीन बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी शिखा बीए, सोनम 12वीं में एवं झिलमिल 9वीं में पढ़ती है। सबसे छोटा बेटा देबू 8वीं का छात्र है। शुक्रवार को युवक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में अभी तक कोई एफआईआर नहीं हुई है। ट्रक चालक ट्रक लेकर भाग निकला।