अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पति के विवाहेतर संबंध का पता चलने के कुछ दिन बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने पति, ससुर समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके ससुर को हिरासत में ले लिया। पति मौके से भाग गया। ससुर से पूछताछ की जा रही है। चिरगांव के देदर गांव निवासी मनीष यादव से शिवानी (25) की 28 अप्रैल 2024 को शादी हुई थी। शिवानी के पिता रविंद्र का कहना है कि ससुराल में शिवानी को परेशान किया जाता था। शादी में 20 लाख रुपये खर्च होने के बाद पैसों की मांग होती थी। कुछ दिन पहले शिवानी को पति के दूसरी महिला से प्रेम संबंध का पता चला। शिवानी ने इसका विरोध किया। इसे लेकर उनमें झगड़ा हुआ। मनीष दूसरी महिला से शादी करने पर अड़ गया। शुक्रवार को मनीष ने अपने ससुर रविंद्र को फोन करके शादी में खर्च पैसा ब्याज समेत लौटा देने की बात कही। यह सुनकर शिवानी के परिजन परेशान हो उठे। शनिवार शाम शिवानी का भाई रौनक जब ससुराल पहुंचा तब शिवानी मृत अवस्था में जमीन पर पड़ी थी। उसके गले में निशान थे। सीएचसी ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके से अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। चिरगांव थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने समझाकर उनको शांत कराया। पिता रविंद्र की तहरीर पर पति मनीष, ससुर राजकुमार, सास समेत छह अन्य ससुरालीजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय के मुताबिक, प्रथम दृष्टया फंदा लगाकर विवाहिता के जान देने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। पूछताछ की जा रही है।