झांसी। शादी के बाद पत्नी को लेने अपनी बहन के घर जा रहा युवक हादसे में घायल हो गया था। बुधवार को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। दतिया के जिगना थाना क्षेत्र के खमेरा गांव लवकुश विश्वकर्मा (26) पुत्र परमेश्वरी शटरिंग का काम करता था। वह 3 भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़े भाई दर्शन की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा भाई आशीष अविवाहित है। लवकुश की शादी लगभग 6 महीने पहले हुई थी। पत्नी अपनी ननद खुशबू के घर भांडेर गई थी। 30 जून को लवकुश बाइक से पत्नी को लेने जा रहा था। जब वह मोहना के हनुमान मंदिर के पास पहुंचा तो सामने से तेज गति में आ रही एक बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में लवकुश गंभीर घायल हो गया था। लवकुश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया था। यहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। लवकुश के पिता परमेश्वरी विश्वकर्मा खेती किसानी के साथ मजदूरी करते हैं। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।