झांसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में एक कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का 4 हजार से 6 हजार रुपये करने का एलान किया। सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आयुष्मान कार्ड से भी जोड़ा जाएगा। झांसी के दीनदयाल सभागार में सांसद अनुराग शर्मा ने नवनियुक्त सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र दिए। कार्यकत्रियों के खातों में तीन साड़ियों के लिए धनराशि डीबीटी से भेजी गई। सांसद अनुराग शर्मा ने मानदेय वृद्धि और आयुष्मान कार्ड की सुविधा पर बधाई दी। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के पोषण संबंधी जानकारी देने में उनकी भूमिका की सराहना की। सांसद ने झांसी में बच्चों और महिलाओं के पोषण पर जल्द एक सम्मेलन आयोजित करने की बात कही।