अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में शुक्रवार को अखिल भारतीय प्राइजमनी महिला हॉकी प्रतियोगिता का आगाज हुआ। इसमें देशभर से आईं टीमों में शामिल महिला खिलाड़ियों ने दनादन गोल दागे। उत्तर प्रदेश की टीम की खिलाड़ियों ने 9-0 से छत्तीसगढ़ की टीम को शिकस्त दी। वहीं उत्तर रेलवे दिल्ली, एनसीओई कोलकाता की टीम ने भी अपनी प्रतिद्वंदी टीमों को शिकस्त दी। जबकि मुंबई और हिमाचल प्रदेश की टीम के बीच हुआ मैच ड्रा रहा।
खेल निदेशालय और उप्र हॉकी संघ के तत्वावधान में हो रही महिला हॉकी प्रतियोगिता का जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने शुभारंभ किया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर और ओलंपिक संघ के मंडल संयोजक संजीव सरावगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रतियोगिता का पहला मैच यूनियन बैंक मुंबई और हिम हॉकी अकादमी सोलन हिमाचल प्रदेश के बीच हुआ।
मैच में दोनों ही टीमों की खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। मैच 2-2 की बराबरी के स्कोर पर समाप्त हुआ। अंपायर नीतू कुमारी व सुनील कुमार गुप्ता रहे।दूसरे मैच में उत्तर रेलवे दिल्ली ने एनसीओई सोनीपत की टीम को 2-1 से शिकस्त दी।
सोनीपत की टीम की खिलाड़ी तनु ने 34वें मिनट में फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद 47वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से उत्तर रेलवे की खिलाड़ी देविका सेन ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। 59 वें मिनट में उत्तर रेलवे की मोनिका दहिया ने मैदानी गोल कर दिल्ली को 2-1 से जीत दिला दी। मैच के अंपायर राजकुमार झा और सोनाली सिंह रहे।
तीसरे मैच में एनसीओई कोलकाता ने एमपी अकादमी ग्वालियर को 1-0 से पराजित किया। कोलकाता की ओर से 28वें मिनट में मोनिका नाग ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को दूसरे क्वार्टर में 1-0 से आगे कर दिया। मैच के तीसरे व चौथे क्वार्टर में दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन गोल करने में सफलता हासिल नहीं हुई।
मैच के अंपायर सुनील कुमार गुप्ता और मधु कुमारी रहे। आखिरी मैच में यूपी इलेवन ने स्टील प्लांट भिलाई छत्तीसगढ़ पर 9-0 से बड़ी जीत दर्ज की। उप्र टीम की ओर से अर्चना भारद्वाज, काजल, स्वर्णिका रावत, पीतांबरी कुमारी, शशिकला, पूजा यादव ने दनादन गोल दागे। छत्तीसगढ़ टीम की खिलाड़ी एक भी गोल न कर सकीं।
मैच के अंपायर राजकुमार झा और नीतू कुमारी रहे। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष हेमंत परिहार, डॉ. रोहित पांडेय, सुबोध खंडकर, राजेश कुमार, सुनील कुमार, बृजेंद्र यादव, विकास वेंदया, सुषमा कुमारी, प्रदीप सरावगी, विवेक काले महाराष्ट्र, अविनाश श्रीवास्तव, विनोद यादव, गुरुप्रीत सिंह, विवेक सोनी, संदीप पाठक, विनम्र खंडकर मौजूद रहे।