झांसी के नवाबाद थाना इलाके में एक युवा हार्डवेयर कारोबारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पारिवारिक कलह की वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया। दस माह पहले ही शादी हुई थी। मेडिकल कॉलेज के पास करगुवांजी निवासी रविकांत उर्फ शिवम साहू (24) हार्डवेयर की दुकान का संचालक था।
रविवार की शाम तकरीबन सात बजे वह दुकान बंद कर रोजाना की तरह घर लौटा था। घर पहुंचकर उसने खाना नहीं खाया और सीधे अपने कमरे में चला गया। इसके कुछ समय बाद भाभी को कमरे में कुछ गिरने की आहट आई। इस पर वह कमरे की ओर दौड़ी तो देखा रविकांत फंदे पर लटका हुआ था। इसी दरम्यान अन्य परिजन भी वहां पहुंच गए। वे रविकांत को फंदे से उतारकर आनन-फानन मेडिकल कॉलेज लेकर भागे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भांजे देवेश ने बताया कि मामा की दस महीने पहले ही शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से उनका पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। इससे मामा मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। इसी परेशानी में उन्होंने आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।