झांसी में जीएसटी टीम ने बगैर बिल वाउचर के झांसी लाए गए करीब साढ़े तीन लाख कीमत के मोबाइल फोन सीज कर दिए। यह फोन दिल्ली से यहां मंगवाए गए थे। सूचना मिलने पर जीएसटी की एसआईबी टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी मोबाइल फोन सीज कर दिए।
जीएसटी अफसरों के मुताबिक यह माल मंगवाने वाला व्यापारी अभी तक सामने नहीं आया है। पूरा माल सील कर दिया गया है। अपर आयुक्त ग्रेड वन भानु प्रकाश मिश्र के मुताबिक बृहस्पतिवार को एसआईबी टीम को बिना बिल वाउचर के मोबाइल फोन यहां मंगवाने की सूचना मिली थी। छापेमारी में तीन बड़े डिब्बे में मोबाइल फोन समेत उसके सहायक उपकरण बरामद हुए हैं।
इनकी बाजार में कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये आंकी गई है। इस माल पर किसी व्यापारी के दावा न करने से यह पूरा माल सील करके गोदाम में रखवाया गया है।
इसके अलावा टीम ने रेलवे स्टेशन पर छापेमारी करके यहां 30 नग दवाईयों के पैकेट पकड़े। जांच-पड़ताल के बाद 1.02 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। इसके अलावा शुभ रिद्घि ट्रेडिंग कंपनी से अवैध पान मसाला ले जाने पर 20 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।