झांसी। जीएसटी टीम ने नंदनपुरा के केके पुरी स्थित रामराजा सोलर एनर्जी सोलर पैनल एजेंसी के यहां करीब डेढ़ करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी है। एजेंसी ई-वे में फर्जीवाड़ा करके टैक्स की चपत लगा रही थी। जांच-पड़ताल के दौरान कंपनी का फर्जीवाड़ा उजागर हो गया। जीएसटी ने एजेंसी पर जुर्माना किया है। अपर आयुक्त ग्रेड वन भानु प्रकाश मिश्र के मुताबिक कंपनी सोलर पैनल, बैटरी आदि का निर्माण एवं सप्लाई संबंधी कार्य करती है। आपूर्ति के लिए जिस ई वे बिल को तैयार किया जाता है, उसे निरस्त कर देते थे। शिकायत मिलने पर एसआईबी डिप्टी कमिश्नर संजय शर्मा एवं असिस्टेंट कमिश्नर संतोष तिवारी को इसकी जांच सौंपी गई। एजेंसी के कागजों की जब पड़ताल की गई तब डेढ़ करोड़ रुपये के कर अपवंचन की पुष्टि हुई। ई वे बिल में एजेंसी काफी समय से हेरफेर कर रही थी। जीएसटी ने एजेंसी पर साढ़े सत्रह लाख रुपये का प्रारंभिक जुर्माना किया है। इसके अलावा शनिवार को जीएसटी मोबाइल टीम ने बाहर से आने वाले दो गाड़ियों को पकड़ा। इनकी अभी जांच-पड़ताल चल रही है।