अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जीआरपी ललितपुर में तैनात सिपाही की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। जीआरपी एसपी ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
महोबा के खरैला थाना इलाके के ग्राम बसोट निवासी परमेश्वरी दयाल (37) जीआरपी ललितपुर में तैनात थे। उनकी प्रयागराज में माघ मेले में ड्यूटी लगी थी। 23 दिसंबर को वह ड्यूटी के लिए निकले थे। रास्ते में ट्रेन में उनकी हालत बिगड़ गई। इस पर वह बीच रास्ते में उतरकर अपने घर चले गए। यहां उन्होंने दवा ली और उसके बाद पुत्र अंकित को लेकर माघ मेले में पहुंचे। लेकिन, तबीयत ठीक न होने की वजह से उनकी आमद दर्ज नहीं कराई गई। ऐसे में वह वापस ललितपुर आ गए। बेटे अंकित ने बताया कि तबीयत खराब होने पर ललितपुर में वह जिला अस्पताल में भर्ती हो गए थे। बुधवार की रात वहां उनकी हालत बिगड़ गई। इस पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां बृहस्पतिवार की सुबह उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। बता दें कि मृतक का बेटा अंकित बीए और अनुज बीबीए कर रहा है, जबकि बेटी आकांक्षा नर्सिंग की छात्रा है। सिपाही की मौत के बाद से उसके परिजनों का बुरा हाल बना हुआ है।
वहीं, सिपाही की मौत की जानकारी लगने पर जीआरपी एसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। यहां उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही सिपाही के शव को पैतृक गांव पहुंचाया।