झांसी। रक्सा के खैरा निवासी कक्षा दस की छात्रा अभिलाषा परिहार का शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाने से ही मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन को भी बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों ने पुलिस को बताया था कि अभिलाषा ने शुक्रवार शाम को घर में फांसी लगा ली थी। अभिलाषा रक्सा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा दस की छात्रा थी। परिजनों का कहना है कि परीक्षा करीब होने की वजह से अभिलाषा परेशान थी। अभिलाषा के पिता बाबूलाल उस समय घर से बाहर गए थे। सूचना मिलने पर सीओ प्रज्ञा पाठक समेत रक्सा पुलिस भी पहुंची। पुलिस को उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला लेकिन, उसके कपड़ोें से मोबाइल फोन बरामद हुआ। परिजन इस मोबाइल के बारे में कुछ नहीं बता सके। पुलिस ने यह मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। जिन नंबरों पर आखिरी बार बात हुई पुलिस उसके बारे में जानने की कोशिश में जुटी है। सीओ सदर प्रज्ञा पाठक का कहना है कि छात्रा की ओर से कोई लिखा हुआ सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मोबाइल फोन पर आखिरी में क्या बात हुई थी, यह जानने की कोशिश की जा रही है।