संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक ने एक चौंकाने वाला ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया है। 13 साल की बच्ची पिछले पिछले कई साल से अपने ही सिर के बाल खा रही थी। उसके आमाशय में यह बाल इकट्ठे होते रहे और पूरा गुच्छा बन गया। जब पेट में दर्द हुआ तो परिजन उसे लेकर मेडिकल पहुंचे। यहां चिकित्सक ने जांच के दौरान पाया कि उसके पेट में बड़ी गांठ बन गई है। डॉक्टर ने ऑपरेशन किया तो वह भी देखकर हक्के बक्के रह गए। बच्ची के पेट से लगभग 200 ग्राम बालों का गुच्छा निकला है।
झांसी निवासी 13 साल की बच्ची को कुछ दिन पहले उसके परिजन मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में पेट दर्द और भूख न लगने की शिकायत लेकर वरिष्ठ सर्जन डॉ. पंकज सोनकिया के पास पहुंचे थे। परिजनों का कहना था कि बच्ची को पेट में लगातार दर्द हो रहा है और वह पूरा दिन कुछ भी नहीं खाती है। इस पर डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराया तो पता चला कि बच्ची के आमाशय में बड़ी गांठ है। इसके बाद गांठ को निकालने के लिए चिकित्सक ने जब बच्ची का ऑपरेशन किया तो वह भी हैरान परेशान हो गए। बच्ची के पेट में लगभग 200 ग्राम वजनी बालों का गोला मिला। जब इस बारे में बच्ची के परिजनों से पूछा गया तो उन्हें भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि इतनी बड़ी मात्रा में बच्ची के पेट में बाल कैसे पहुंचे। वहीं, बच्ची से बात करने पर पता चला कि वह परिजनों से नजर बचाकर पिछले पांच साल से अपने ही सिर के बाल खा रही है। ऑपरेशन के बाद बच्ची अब पूरी तरह स्वस्थ्य है। इस संबंध में डॉ. पंकज सोनकिया ने बताया कि यह हैरान करने वाला मामला है, जिसमें बच्ची के पेट से इतने बाल मिले हैं, जितने एक जवान आदमी के सिर के पूरे बाल होते हैं। बच्ची का ऑपरेशन सफल रहा है।