पुलिस के मुताबिक, जालौन के ईंगुई खुर्द गांव निवासी एहसान की आठ साल की बेटी तहसीम गांव से 12 किलोमीटर दूर झांसी के पूंछ कस्बे के विनायक पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ती थी। चाचा इश्तयार का कहना है कि गुरुवार सुबह करीब 7.30 तहसीम को स्कूल बस में बिठाया गया था। बस में बच्चों के बैठे होने के बावजूद उसका दरवाजा बंद नहीं किया जाता था। कई बार की शिकायत के बावजूद इसे अनसुना कर दिया गया।
गुरुवार को तहसीम बस कंडक्टर की सीट पर बैठी हुई थी। स्कूल से डेढ़ किलोमीटर पहले एरच पुल के पास जैसे बस पहुंची ड्राइवर ने अचानक से ब्रेक लगाया। तहसीम गेट के खुला होने के कारण बाहर गिर गई और उसके ऊपर से बस का पहिया गुजर गया। हादसे के बाद घायल अवस्था में बच्ची को मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता गांव में आटा चक्की चलाकर गुजर करते हैं।