झांसी। महापौर रामतीर्थ सिंघल एवं नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय ने बुधवार को स्मार्ट सिटी मिशन के तहत निर्मित हो रहे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान महापौर ने उक्त निर्माण को तीन माह के भीतर पूरा करने का निर्देश अफसरों को दिया। बीएसई कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। महापौर ने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने निर्माणाधीन दो मंजिला गर्ल्स हॉस्टल भी देखा। वर्तमान में इसके दो तल के लिए मानचित्र स्वीकृत कराया गया है। भविष्य में तीसरी मंजिल के लिए नींव की डिजाइन तैयार करने को कहा। नगर आयुक्त ने वहां पार्किंग, पाथवे एवं दो पार्क का निर्माण कार्य जल्द आरंभ कराने के निर्देश दिए। तालाब के अंदर की डीसिल्टिंग एवं पथरीले पठार भी कटवाने के निर्देश दिए। इस दौरान उपसभापति सुनील नैनवानी, मुख्य अभियंता एसके अंबेडकर, टीम लीडर मनविंदर सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर विकास यादव समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।