गैस को दूसरे टैंकर में भरा गया, ढाबा बंद कराया, घरों में आग न जलाने की दी हिदायत
मोंठ (झांसी)। पशु को बचाने के चक्कर में हाईवे किनारे पलटे गैस से भरे टैंकर को 40 घंटे बाद सोमवार की शाम करीब 4 बजे गड्ढे से निकाल लिया गया। गैस कंपनी के अधिकारियों की मौजूदगी में गैस को दूसरे टैंकर में भरा गया। इसके बाद क्रेन के सहारे इसे निकाला गया। इस दौरान दो दिन तक जहां गैस कंपनी के कर्मचारी और पुलिस अधिकारी टैंकर की सुरक्षा में जुटे रहे वहीं आसपास के आबादी क्षेत्र में लोग दहशत में रहे।
मोंठ के हाईवे स्थित नेहरू नगर तिराहे के पास शनिवार की रात अचानक सामने आए पशु को बचाने के चक्कर में गैस से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे गड्ढे में पलट गया था। टैंकर में गैस भरी हुई थी। टैंकर की दो दिन तक निगरानी पुलिस एवं फायर ब्रिगेड ने की। करीब 40 घंटे बाद सोमवार को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन कंपनी के चार अधिकारी लखीमपुर से आए और मौके पर पहुंचे। गैस को खाली करते समय आसपास रहने वाले नेहरू नगर बस्ती के लोगों को हिदायत दी थी कि कोई भी व्यक्ति घर में आग न जलाए। हाईवे की दूसरी पटरी पर स्थित ढाबा को भी बंद करा दिया था। पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा आईओसी अधिकारियों की मौजूदगी में पलटे टैंकर की गैस को मशीनों की सहायता से दूसरे टैंकर में भरा गया। जिस वक्त गैस को दूसरे टैंकर में भरा जा रहा था, उस वक्त हाईवे के दोनों तरफ का यातायात रोक दिया गया था। जब गैस दूसरे टैंकर में भर गई, इसके बाद यातायात को चालू किया गया था। मौके पर बड़ी क्रेन मंगाई गईं। तब जाकर खाली टैंकर को सीधा कर उठाया गया।
पशु को बचाने के चक्कर में पलट गया था टैंकर
गैस टैंकर विजयपुर से लखीमपुर खीरी जा रहा था। टैंकर को चालक श्याम सुंदर चला रहा था। टैंकर जैसे ही मोंठ थाना अंतर्गत हाईवे पर एक ढाबे के सामने पहुंचा, अचानक जानवर को बचाने के प्रयास में असंतुलित होकर पलट गया। टैंकर चालक केबिन में फंस गया था। लोगों ने मोंठ पुलिस को सूचना दी। मोंठ पुलिस के एसआई अश्वनी दीक्षित और वंदना कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चालक को केबिन से निकला गया और अस्पताल भर्ती कराया था। रविवार को फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई गई। दो गाड़ियां टैंकर के आसपास रातभर खड़ी रहीं। गैस कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की गई। रविवार को भी सुबह टैंकर को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन टैंकर नहीं निकल पाया। इसकी सूचना तेल कंपनी के उच्चाधिकारियों को दी गई। अधिकारियों ने बताया था कि सोमवार को ग्वालियर से बड़ी क्रेन मशीन पहुंचेगी और कुछ अधिकारी भी पहुंचेंगे, तब टैंकर निकाला जाएगा। इस दौरान मोंठ कोतवाल अशोक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक नवाब सिंह, एसआई संदीप तोमर और फायर ब्रिगेड मोंठ के प्रभारी अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि टैंकर में गैस भरी हुई थी। इसकी सुरक्षा के लिए पुलिस लगाई गई थी। आसपास के लोगों को सतर्क किया गया था कि कहीं गैस का रिसाव न हो। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर खड़ी की गई थीं। टैंकर सकुशल गैस कंपनी के अधिकारियों की उपस्थिति में निकाला गया।