अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रक्सा थाना इलाके में रविवार की सुबह पूर्व प्रधान के यहां धमाका हो गया। सिलिंडर के पाइप में लीकेज की वजह से रात भर गैस लीक होती रही। सोमवार की सुबह को जब गृहस्वामी की पत्नी चाय बनाने के लिए रसोई में पहुंची और जैसे ही लाइटर जलाया धमाका हो गया। हालांकि इस घटना में परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं आई है लेकिन धमाके से मकान के शीशे टूट गए और दीवारों में भी दरारें पड़ गईं।
रक्सा थाना इलाके के मिश्रा मोहल्ले में रक्सा के पूर्व ग्राम प्रधान अशोक मिश्रा अपने परिवार के साथ रहते हैं। रविवार की सुबह जैसे ही पूर्व प्रधान की पत्नी शोभा मिश्रा ने चाय बनाने के लिए लाइटर जलाया, उसी समय तेज धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि घर में लगे खिड़की, दरवाजे जगह-जगह से उखड़ गए और शीशे टूट गए। आसपास के मकान भी धमाके से हिल गए। धमाके की आवाज पूरे रक्सा कस्बे में सुनाई दी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गईं। फोरेंसिक टीम ने भी जांच की।
सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने बताया कि पूर्व प्रधान ने शनिवार को एलपीजी सिलिंडर लिया था। पाइप में लीकेज की वजह से रात भर गैस का रिसाव होता रहा। दरवाजे-खिड़की बंद होने की वजह से गैस घर में ही भरती रही। सुबह लाइटर की चिंगारी की वजह से ब्लास्ट हो गया। गैस पाइप को कब्जे में ले लिया गया है। जबकि, सिलिंडर सही-सलामत है। उसमें लगभग दस किलो गैस कम निकली। यही गैस पूर्व प्रधान के घर में भर गई थी, जिससे ब्लास्ट हुआ।