झांसी। समाजवादी पार्टी के गरौठा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रहीं हैं। कुख्यात लेखराज सिंह यादव को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश करने के मामले में वे एक महीने से जेल में बंद हैं। अब पुलिस ने उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इस मुकदमे में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा राय के पति विष्णु राय समेत 18 अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है।
कुख्यात लेखराज सिंह यादव को 16 सितंबर को कन्नौज जेल से झांसी पेशी पर लाया गया था। लौटते समय उसे पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश की गई थी। इस मामले में दीपनारायण के खिलाफ नवाबाद थाना, मोंठ थाना, जालौन के एट और कन्नौज के गुरसहायगंज थाने में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने दीपनारायण को 26 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तब से वह जेल में ही बंद हैं। अब नवाबाद थाना पुलिस ने पूर्व विधायक दीपनारायण, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मीरा राय के पति विष्णु राय समेत 19 के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की है। इसमें दीपनारायण को गैंग का लीडर और बाकी सभी आरोपियों को सदस्य बताया गया है।
मामले में सभी पर समाज विरोधी क्रिया-कलापों को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। साथ ही यह आरोप भी लगाया गया है कि संगठित गिरोह बनाकर सभी ने जघन्य अपराधों के जरिये अकूत चल-अचल संपत्तियां अर्जित कर लीं हैं। ये सभी भौतिक संसाधनों से विलासिता का जीवन जी रहे हैं।
गिरोहबंद अधिनियम में ये हुए हैं नामजद
झांसी। नवाबाद थाना पुलिस ने गिरोहबंद अधिनियम के तहत पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव, विष्णु राय, लेखराज सिंह यादव, उल्दन के सतपुरा निवासी अमित यादव उर्फ गुड्डा, रानीपुर सिरधरपुरा निवासी वहीद खान, रानीपुर टिकरी निवासी बृजेंद्र सिंह उर्फ शत्रुघ्न, जवाहर लाल, बरुआसागर कोलवा निवासी रितुराज सिंह, बरुआसागर सारोल निवासी रहीश प्रसाद यादव, रानीपुर स्यावनी खुर्द निवासी सुरेंद्र कुमार, टीकमगढ़ के हरकनपुरा चंदेरा निवासी अंकित, मऊरानीपुर बसारी निवासी भगवानदास राय, टीकमगढ़ के चंदेरा बनपुरा निवासी रंजीत राय, दीनदयाल कुशवाहा, मोंठ के अखाड़ापुरा निवासी अनिल यादव उर्फ मामा, मोंठ के मातनपुरा निवासी धीरेंद्र पाल, मलखान शिवहरे, बृजेंद्र कुमार यादव व मुकेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सपा का धरना-प्रदर्शन आज
झांसी। समाजवादी पार्टी शुक्रवार को कचहरी के पास स्थित गांधी उद्यान में धरना प्रदर्शन करेगी। पूर्व सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव ने बताया कि पार्टी के लोगों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्हें फर्जी मामलों में फंसाकर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। इसके विरोध में शुक्रवार को सुबह 10 बजे धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने पार्टी के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।