ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत गैंग बनाकर अलग-अलग चोरी करने के मामले में पकड़े गए दो आरोपियों पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि अंबेडकर चौराहा निवासी राजेंद्र पत्र सुमिरन एवं ग्राम कल्याणपुरा निवासी धर्मेंद्र पुत्र तुलसीराम दोनों गैंग बनाकर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग जगह चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनमें राजेंद्र कुमार गैंग लीडर है, जबकि धर्मेंद्र इस गैंग का सदस्य। जानकारी करने के दौरान पता चला कि दोनों आम जनता के घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। कोई भी इनके खिलाफ गवाही देने से कतराता है। इन्होंने मोहल्ला गांधी नगर निवासी राजेश कुमार दुबे के घर से चोरी की घटना की थी। विवेचना के दौरान उक्त दोनों अपराधियों के नाम प्रकाश में आए हैं। उनके कब्जे से चांदी की बिछिया व 18,300 रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। 6 दिसंबर 2019 को मोहल्ला अजीतापुरा निवासी हरगोविंद डोडवानी के मकान में चोरी की गई थी, उनकी गुल्लक से साढ़े पांच लाख रुपये नकद और पासबुक चोरी हो गई थी। उनके कब्जे से दो लाख अड़सठ हजार रुपये बरामद किए गए। इसी प्रकार ग्राम पर पटसैमरा निवासी चंद्रपाल पुत्र हमीर सिंह के मकान से चोरी हो गई थी। आरोपियों के कब्जे से जेवर व कपड़े बरामद किए गए। ग्राम रजवारा निवासी गजराज कुशवाहा के घर में हुई चोरी के मामले में उक्त दोनों की संलिप्तता पाई गई और उनके कब्जे से जेवर बरामद किए गए। कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।