अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस
किस्त - 2
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मन में अपने सपने पूरे करने का जुनून है तो हर मुश्किल आसान हो जाती है। झांसी की बेटियों ने अपने संघर्ष के दम पर अपने सपनों को तो पूरा किया, साथ ही मुंबई जैसे शहर में रुपहले पर्दे पर अपनी प्रतिभा की धाक जमाई। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर चल रही शृंखला में आज हम आपको उन बेटियों के संघर्ष की कहानी बता रहे हैं, जिन्होंने बॉलीवुड में अपनी पहचान कायम की। ये बेटियां फिल्मों और ओटीटी में एक्टिंग और मॉडलिंग कर झांसी का नाम रोशन कर रही हैं। इनकी मुंबई जाने के सफर की शुरुआत अच्छी नहीं थी, लेकिन उन्होंने अपनी काबिलियत के दम पर सफलता की सुनहरी इबारत लिखी। पढि़ए रिपोर्ट...।
-
फोटो
शीशे के सामने खड़े होकर बोलती थी डायलॉग : श्रेया
झांसी के खाती बाबा निवासी श्रेया शुक्ला कई म्यूजिक एल्बम, वेबसीरीज और फिल्मों में काम कर चुकी हैं। बीयू से बीटेक कर चुकीं श्रेया का कहना है कि उन्हें बचपन से ही मॉडलिंग और एक्टिंग का शौक था। वे घंटों शीशे के सामने खड़े होकर डायलॉग बोला करती थीं। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने परिवार वालों को बताया कि वे मॉडलिंग करना चाहती हैं। बहुत आनाकानी के बाद परिवार वालों ने उनको सहमति दी। इसके बाद श्रेया ने टेलीवुड मिस इंडिया में भाग लिया और मिस यूपी सेकेंड रनरअप रहीं। दिल्ली और मुंबई में मॉडलिंग और काम करने के बाद उनको म्यूजिक एल्बम में ब्रेक मिला। उन्होंने उड़ान और न्याय द जस्टिस वेबसीरीज में काम किया है। जल्द ही श्रेया कन्नड़ मूवी बुलेट में भी नजर आएंगी। श्रेया के पिता नवीन शुक्ला रेलवे कर्मचारी हैं और मां रेनू शुक्ला गृहिणी हैं।
परिजनों की मानी बात, पढ़ाई के साथ कर रहीं एक्टिंग
शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी उन्नति पांडेय भी फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान कायम कर रही हैं। उन्नति बताती हैं कि झांसी से दसवीं की परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने अपने परिवार वालों से मुंबई जाने की बात कही। परिवार वाले इस शर्त पर तैयार हुए कि एक्टिंग के कारण पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। तो उन्नति ने पढ़ाई के साथ-साथ खुद को एक्टिंग के लिए तैयार करना शुरू किया। मुंबई से एक्टिंग का काेर्स किया। इसके बाद एक साल तक कई सारे ऑडिशंस भी दिए। उन्होंने क्लास ऑफ 2020 वेबसीरीज में काम किया है। एक्टिंग के साथ वे एमबीए कर रही हैं। उन्नति फिल्म अजमेर 92 में नजर आईं थीं। जल्द ही वे एक वेबसीरीज और सोनी पर आने वाले शो में नजर आएंगी। उनके पिता दिलीप पांडेय कारोबारी हैं और शालिनी पांडेय गृहिणी हैं।
नौकरी छोड़कर बचपन के सपने को किया पूरा
सीपरी बाजार निवासी अदिति भटनागर ने अपनी पढ़ाई पूरी कर पहले मां-बाप का सपना पूरा किया। अदिति बताती हैं कि उन्हें बचपन से ही ब्यूटी कांटेस्ट पसंद थे। वे इस तरह के शो में जाना चाहती थीं। लेकिन परिवार वाले चाहते थे कि पढ़ाई लिखाई करके अच्छी नौकरी करे। अदिति ने बीबीए करने के बाद एक कंपनी में नौकरी की। मगर उनके मन में बचपन के सपने को पूरा करने की चाह थी। इसलिए उन्होंने नौकरी छोड़ी और मॉडलिंग की बारीकियां सीखने के लिए पुणे पहुंच गईं। अदिति ने मिस प्लेनेट इंटरनेशनल शो में प्रतिभाग किया और जीत हासिल की। अदिति बताती हैं कि शो जीतने के बाद परिवार को मेरे इरादों पर भरोसा हो गया और उन्होंने मुझे सपोर्ट किया। इसके बाद उन्होनें इंटरनेशनल मिस स्पार्कलिंग ब्यूटी का खिताब जीता। अब वे खुद का ब्यूटी कांटेस्ट मिस एंड मिसेज नॉर्थ इंडिया करवा रही हैं। अदिति की मां डॉ. रचना भटनागर त्वचा रोग विशेषज्ञ हैं और पिता आशीष भटनागर रेलवे कर्मचारी हैं।