अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। राजकीय इंटर कॉलेज में एक जून से अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। यहां पर बने मिनी स्टेडियम में क्रिकेटर से लेकर एथलीट तक तैयार होंगे। इसके अलावा फिजियोथेरेपी के साथ-साथ जुंबा और डांस आदि भी यहां सीख सकेंगे। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत 20 करोड़ की लागत से बना मिनी स्टेडियम एक साल पहले बनकर तैयार हो गया था। मार्च 2024 में इसका लोकार्पण भी हो गया था। इसके बाद स्मार्ट सिटी की ओर से तीन बार निविदा निकाली गई मगर कोई भी फर्म मानकों पर खरी नहीं उतर सकी। मार्च में निशिकांत गुप्ता स्पोर्ट्स एकेडमी को स्टेडियम संचालन का जिम्मा मिल गया। हाल ही में स्मार्ट सिटी लिमिटेड और फर्म के बीच 10 साल का अनुबंध भी हो गया। अब दरों का निर्धारण होने के बाद पंजीकरण भी शुरू हो गए हैं। यहां पर खिलाड़ी क्रिकेट, कराटे, लॉन टेनिस, बैडमिंटन, स्केटिंग, वॉलीबाल, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स और बास्केटबॉल का प्रशिक्षण ले सकेंगे। इन सभी के लिए अलग-अलग प्रशिक्षक भी तैनात होंगे।