झांसी। मेडिकल कॉलेज में भर्ती जिले की पहली कोरोना संक्रमित 59 वर्षीय मरीज का चौथ सैंपल लेकर जांच के लिए कोविड लैब भेज दिया गया है। अब सभी को महिला की रिपोर्ट का इंतजार है। महिला की लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी हैं। यदि तीसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आती है तो महिला की मेडिकल कॉलेज से छुट्टी की जा सकती है। 27 अप्रैल को जिले में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया था। ओरछा गेट अंदर निवासी 59 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव मिली थी। महिला की कांटेक्ट ट्रेसिंग करने के बाद परिजनों की जांच कराई गई तो बेटा और जेठ भी कोरोना पॉजिटिव मिला। इसके बाद ओरछा गेट अंदर निवासी पांच नए मरीज सामने आए। एकदम से कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर नौ पहुंच गई। मरीजों की लगातार संख्या बढ़ने से शहर भर में डर का माहौल हो गया था। इसी बीच बीते रविवार को एक राहत भरी खबर आई थी। कोरोना पॉजिटिव पहली महिला की दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी। इसके बाद बुधवार को महिला की लगातार दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई। शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने महिला का चौथा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। यदि लगातार तीसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आ जाती है तो महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया जा सकता है।