संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। महानगर में भीषण जल संकट है। जल संस्थान की ओर से टैंकरों के जरिये तेरह सौ स्थानों पर पानी की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन मारामारी का आलम यह है कि किसी भी स्थान पर टैंकर पहुंचते ही मात्र सात से दस मिनट के भीतर टैंकर खाली हो जा रहा है।
भीषण गर्मी के कारण सिजरिया कॉलोनी, दरीगरान, मुकरायाना, सराय, भैरो खिड़की, ऋषिकुंज, उनाव गेट, मसीहा गंज, नाथ की कोठी, बड़ागांव गेट बाहर, प्रेमनगर सहित कई इलाकों का भूगर्भ जल स्तर नीचे चला गया है। यहां के अधिकांश हैंडपंपों ने पानी देना बंद कर दिया है। खपत बढ़ने के बीच नलों में भी न के बराबर पानी आ रहा है। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए दूरदराज इलाकों में जाना पड़ रहा है।
जल संस्थान की ओर से टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है। लेकिन पानी की किल्लत का आलम यह है कि टैंकर पहुंचने से पहले ही लोग बड़े-बड़े पाइप लेकर तैयार खड़े रहते हैं। जैसे ही टैंकर पहुंचता है लोग टूट पड़ते हैं और सात से दस मिनट के भीतर टैंकर खाली हो जाता है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने बताया कि टैंकरों से रोजाना तेरह सौ स्थानों पर पानी पहुंचाया जा रहा है।
-
कई रह गए खाली हाथ: सराय मोहल्ला के अब्बास खान ने बताया कि बुधवार दोपहर में दो बजे टैंकर आया, जब तक पानी लेने पहुंचे, तब तक टैंकर खाली होकर जा चुका था। उन्नाव गेट निवासी अरविंद सोनी ने बताया कि टैंकर आते ही मारामारी शुरू हो जाती है, इससे कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है।
बाक्स....
फोन नहीं उठाते जल संस्थान के महाप्रबंधक
झांसी। समस्या के निदान के लिए जल संस्थान कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। लेकिन, कंट्रोल रूम में शिकायतों का निस्तारण नहीं हाेने पर लोग जल संस्थान के महाप्रबंधक को कॉल करते हैं तो घंटी जाती है, लेकिन महाप्रबंधक राकेश यादव फोन नहीं उठाते। इसकी शिकायत प्रशासनिक अफसरों से की गई है।