झांसी। यूपी एसटीएफ व सीपरी बाजार थाने की पुलिस ने 88 लाख के गांजे के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए तस्कर ट्रक और कार के जरिये गांजा उड़ीसा से राजस्थान के धौलपुर ले जा रहे थे। इसी बीच वे झांसी में सटीक सूचना पर पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
सूचना मिलने पर सक्रिय हुई सीपरी बाजार थाने की पुलिस और यूपी एसटीएफ की टीम ने शिवपुरी-ग्वालियर हाईवे पर एक ट्रक को रोका। ट्रक में आगरा के थाना मलपुरा के ग्राम वाद ककूआ निवासी सुधीर और धौलपुर के थाना बाड़ी के हरभान सिंह पुरा निवासी अमृतपाल सवार थे। पड़ताल में ट्रक में से जूट के बोरे के 17 पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। पकड़े गए ट्रक सवारों ने पुलिस को बताया कि वह गांजे की ये खेप उड़ीसा से धौलपुर लेकर जा रहे थे। यह माल उड़ीसा से जिला मलखान गिरी निवासी शेख जिलानी ने ट्रक में लोड कराया था, जिसे धौलपुर के थाना सदर निवासी ज्ञानीराम के पास पहुंचाना था। उन्होंने बताया कि ये दोनों लोग भी उन्हें एक कार से गाइड करते आ रहे हैं। पुलिस के कहने पर अमृत पाल ने फोन कर कार सवारों को बुलाया। मौके पर पुलिस टीम को मौजूद देख उन्होंने पुलिस कर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश की, जिसमें आरक्षी अंकित और निरीक्षक यतींद्र शर्मा बाल-बाल बचे। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी में कार में गांजे के पांच पैकेट बरामद किए। दोनों वाहनों से 88 लाख रुपये मूल्य का 440 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने ट्रक और कार से पकड़े गए चारों गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।