झांसी। जिले में चार और नए खंड शिक्षा अधिकारी तैनात किए गए हैं। ये सभी जल्द ही कार्यभार ग्रहण करेंगे। ऐसे में लंबे समय से चले आ रहे कई पद भर जाएंगे।
बेसिक शिक्षा में पठन - पाठन के पर्यवेक्षण और गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हुई हैं। वर्तमान में जिले के 8 ब्लॉकों और एक प्रभारी नगर शिक्षा अधिकारी के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यरत हैं। नगर क्षेत्र में 4 पद हैं जो एक लंबे अरसे से खाली चल रहे हैं। वर्तमान में मुख्यालय से संबद्ध खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र का प्रभार लिए हुए हैं। अब जब प्रदेश में चयनित 271 खंड शिक्षा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दे दिए गए हैं ऐसे में चार नए खंड शिक्षा अधिकारियों प्रसन्न जैन, नीलम, संदीप कुमार और भुवनेंद्र को झांसी भेजा गया है। नगर शिक्षा अधिकारी राजकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि सभी नए खंड शिक्षा अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण कराकर उन्हें विभागीय योजनाओं में दक्ष किया जाएगा। इधर बेसिक शिक्षा वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में जिलाध्यक्ष रसकेंद्र गौतम ने बताया कि जिले में अब संपूर्ण पद भरे जाने से शैक्षिक गुणवत्ता और विकसित होगी।