सोमवार की सुबह थाना गोराघाट क्षेत्र के झांसी-ग्वालियर हाईवे पर ग्राम सीतापुर के पास तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने एक स्कूटी में टक्कर मार दी जिससे युवक, उसकी पत्नी और दो बेटों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शवों के टुकड़े करीब सौ मीटर दूर तक बिखर गए। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
भांडेर के ग्राम सोफ्ता का रहनेवाला दयाशंकर (38) पुत्र प्रताप सिंह यादव सोमवार को पत्नी रजनी यादव (35), पुत्र शिवम यादव (12) और प्रशांत यादव (10) के साथ स्कूटी पर सवार होकर ग्वालियर से भांडेर जा रहा था। सुबह साढ़े ग्यारह बजे जब वे लोग झांसी-ग्वालियर हाईवे पर ग्राम सीतापुरा के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (यूपी 93 बीटी- 4446) के चालक ने स्कूटी को चपेट में ले लिया। इससे स्कूटी पर सवार दयाशंकर, उसकी पत्नी रजनी और दोनों बेटे शिवम और प्रशांत ट्रक के नीचे आ गए। चारों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि शवों के टुकड़े सौ मीटर से अधिक एरिया में बिखर गए। टक्कर मारने के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रक का पीछा किया। पुलिस ने दस किलोमीटर पीछा करने के बाद आरोपी चालक को दबोच लिया।