अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार को लखनऊ और झांसी में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (भूमि पूजन समारोह) का आयोजन हुआ, जिसमें झांसी के औद्योगिक विकास की बुनियाद रखी गई। समारोह में 130 निवेशकों ने यहां लगाई जाने वाली अपनी इकाइयों का भूमि पूजन किया। यह निवेशक यहां 19 हजार करोड़ का निवेश करेंगे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि झांसी उद्योग का बड़ा हब बनने जा रहा है, इससे कौशल और परिश्रम के धनी यहां के लोगों के लिए रोजगार के असीम अवसर पैदा होंगे।
यहां दीनदयाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में बीडा, सोलर पार्क, डिफेंस कॉरिडोर और बल्क ड्रग पार्क जैसी बहुमूल्य इकाइयां स्थापित होने जा रहीं हैं। इससे क्षेत्र के लोगों के लिए लाभ के अनेक अवसर खुलेंगे। उन्होंने निवेशकों से कहा कि वह बुंदेलखंड के लोगों पर विश्वास करते हुए यहां अपनी इकाइयां स्थापित करें। यहां के लोग विश्वसनीय और मेहनती हैं। साथ ही उनमें कार्यकौशल की भी कोई कमी नहीं है। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने कहा कि झांसी में खाद उद्योग की अपार संभावनाएं हैं। निवेशक यहां खाद उत्पादन की इकाइयां स्थापित कर नया कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं।
समारोह में मंडलायुक्त डा. आदर्श सिंह ने कहा कि झांसी मंडल में 44 हजार करोड़ के एमओयू धरातल पर उतरने वाले हैं। इसमें जनपद झांसी में 19 हजार करोड़, जालौन में नौ हजार करोड़ और ललितपुर के 16 हजार करोड़ रुपये के एमओयू शामिल हैं। इन सभी निवेशकों को प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। नोएडा की तर्ज पर झांसी में बीडा की स्थापना होने वाली है। इससे बुंदेलखंड में विकास की नई बयार चलेगी। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि बुंदेलखंड विकास का एक बड़ा हब बनने जा रहा है। एक साल पहले किए गए प्रयासों के साकार होने से क्षेत्र के लोगों को रोजगार के कई अवसर हासिल होंगे। समारोह में एमएलसी डा. बाबूलाल तिवारी व भाजपा जिलाध्यक्ष हेमंत परिहार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस मौके पर डीआईजी कलानिधि नैथानी, जेडीए सचिव उपमा पांडेय, संयुक्त आयुक्त उद्योग अमृता रस्तोगी, संयुक्त आयुक्त उद्योग मनीष चौधरी, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, राजीव बब्बर, पुनीत अग्रवाल, संतोष साहू, मनमोहन गेड़ा, प्रद्युम्न दुबे आदि समेत निवेशक व उद्यमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन असमा खान ने किया।
000000
350 महिलाओं को दी गईं सिलाई मशीन
भूमि पूजन समारोह के दौरान एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत जनपद की 350 महिलाओं को डिजाइनर सिलाई मशीन और टूल किट भेंट की गईं। इस दौरान उद्यमियों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही लखनऊ में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का झांसी में सीधा प्रसारण हुआ।
000000
एक नजर में औद्योगिक विकास...
- पिछले एक साल के दरम्यान आ चुके हैं निवेश के 310 प्रस्ताव, एमओयू हुए।
- दो लाख दस हजार चार सौ चौरासी करोड़ रुपये का होना है निवेश।
- 130 निवेशकों ने लिया ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में हिस्सा, 72 लखनऊ और 58 झांसी में रहे मौजूद।
- ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के जरिये झांसी में 19 हजार करोड़ के निवेश पर लगी मुहर। जबकि, जालौन में नौ हजार करोड़ और ललितपुर के 16 हजार करोड़ रुपये का होगा निवेश।
000000
झांसी में इन कामों के लिए हुआ भूमि पूजन...
- पांच सोलर पावर प्लांटों की होगी स्थापना।
- छह उच्च शिक्षा व तकनीकी शिक्षा संस्थानों की होगी स्थापना।
- वस्त्रोद्योग की सात इकाइयां यहां शुरू करेंगी अपना कारोबार।
- निर्यात के 12 प्रोजेक्ट पर शुरू होगा काम।
- पर्यटन से जुड़े पांच नए प्रोजेक्ट किए जाएंगे लांच।
- सूक्ष्म, लघु व मध्यम प्रकार के 30 से अधिक परियोजनाएं होंगी शुरू।