ललितपुर। जनपद में कोरोना संक्रमण ने नौ माह बाद दस्तक दी है। सोमवार को शहर के नेहरुनगर मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने खांसी, जुकाम की समस्या होने पर कोरोना की जांच कराई तो वह संक्रमित मिला। स्वास्थ्य विभाग ने परिजनों के सैंपल लेकर जांच की। हालांकि, किसी अन्य में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।
जिले में सितंबर 2023 में कोरोना संक्रमित मरीज मिला था, तब से लेकर अब तक नौ माह से एक भी संक्रमित नहीं मिला। लेकिन अब एक नया संक्रमित मिलने से महकमा अलर्ट हो गया है। सोमवार को शहर के नेहरुनगर मोहल्ला के एक 55 वर्षीय व्यक्ति को खांसी और जुकाम की समस्या थी। वह उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज आया था। जहां पर कोविड जांच कराई, जिसकी जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। संक्रमित मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर टीम संक्रमित के घर पहुंची, जहां परिजनों को चिह्नित कर सभी के कोविड जांच के लिए नमूने लिए गए। इसमें एक भी संक्रमित नहीं मिला। संक्रमित मरीज को होम क्वारंटीन किया गया है।
सोमवार को एक व्यक्ति कोविड संक्रमित मिला है। इसके बाद टीम ने परिजनों की भी कोविड की जांच की। इसमें कोई भी संक्रमित नहीं मिला। संक्रमित को क्वारंटीन किया गया है। - डॉ. इम्तियाज अहमद, सीएमओ।