झांसी। ग्वालियर रोड पर रक्सा बाईपास के पास बृहस्पतिवार दोपहर में नो एंट्री में घुस रहे एक ट्रक को रोकना होमगार्ड को भारी पड़ गया। ट्रक रोकने से नाराज स्कार्पियो सवार युवकों ने होमगार्ड को बुरी तरह से पीटकर घायल कर दिया। मारपीट के दौरान युवकों ने होमगार्ड की वर्दी भी फाड़ डाली। मौके पर पहुंची सीपरी बाजार पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। जबकि दूसरा भाग निकला। पुलिस आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले आई।
बरुआसागर के चिपलौटा गांव निवासी राजेश कुमार होमगार्ड हैं। बृहस्पतिवार को उसकी ड्यूटी ग्वालियर रोड स्थित रक्सा बाईपास पर लगी थी। दोपहर करीब बारह बजे एक ट्रक नो एंट्री होने के बावजूद शहर के अंदर आ रहा था। राजेश ने ट्रक को भीतर आने से मना किया। ट्रक के पीछे ही ट्रांसपोर्टर अमित निवासी जौनपुर अपने दोस्त के साथ स्कार्पियो में चल रहा था। राजेश के ट्रक रोकते ही अमित अपने साथी के साथ कार से नीचे उतर आया और होमगार्ड राजेश को धमकाने लगा।
इस पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। अमित ने होमगार्ड को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में राजेश की वर्दी फट गई। सूचना पर सीपरी बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अमित को पकड़ लिया। जबकि उसका दूसरा साथी भाग निकला। पुलिस अमित को पकड़कर थाने लाई। इंस्पेक्टर संजय शुक्ला के मुताबिक होमगार्ड राजेश की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।