नगर निगम की ओर से महानगर में चल रहा फॉगिंग का काम ठप हो गया है। बताया जाता है कि निगम के स्वास्थ्य स्टोर में किंगफॉग वायर दवा खत्म हो गई है। इसके चलते फॉगिंग कार्य रोक दिया गया है। इसके साथ ही फॉगिंग में लगाए गए कर्मचारियों में वेतन न मिलने से आक्रोश है। वहीं, फॉगिंग न होने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम ने लॉकडाउन के दौरान कोरोना संक्रमण और मच्छरों की तादाद पर काबू पाने के लिए फॉगिंग शुरू कराई थी। इसके लिए किंगफॉग वायर कंपनी की दवा मंगाई गई थी। अब दवा खत्म हो जाने से फॉगिंग कार्य रोक दिया गया है। सूत्र बताते हैं कि नगर निगम में दवा सप्लाई करने वाली फर्म का भुगतान भी नहीं किया गया है। इसके चलते फर्म ने उधार माल देने से मना कर दिया है। फॉगिंग ठप होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने बताया कि दवा खत्म होने की जानकारी नहीं है। स्टॉक चेक किया जाएगा। फॉगिंग कार्य कराया जाएगा। नगर निगम में बुधवार को अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने सफाई हवलदारों, नगर स्वास्थ्य अधिकारी और जोनल प्रभारियों और सफाई निरीक्षकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाला सफाई कार्य को लेकर कार्ययोजना बना ली जाए। साथ ही सफाई कर्मचारियों का गैंग तैयार कर लिया जाए। उन्होंने सभी कर्मचारियों को कार्यों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य और सैनिटाइजेशन में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।