फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: पहले ढाई घंटे चला हंगामा, फिर बिना पटल पर रखे प्रस्ताव पास बताने पर भड़के पार्षद

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

झांसी। वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट को लेकर बुलाई गई नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक शुरू होने से पहले ही ढाई घंटे तक पार्षदों का खूब हंगामा चला। पार्षद सदन प्रभारी को पद से हटाने की मांग पर अड़ गए। किसी तरह मेयर और नगर आयुक्त ने पार्षदों को समझाकर बैठक शुरू कराई तो बिना पटल पर रखे ही पिछली बैठक में पांच प्रस्ताव पास बता देने पर कार्यकारिणी सदस्य भड़क उठे। बैठक में 2.60 अरब का प्रस्ताव पास हुआ।
लोकसभा चुनाव की आचार संहिता जल्द लगने की संभावना है। ऐसे में आनन-फानन सोमवार को नगर निगम की कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई। ताकि, आगामी वित्तीय वर्ष का बजट पास हो जाने पर विकास कार्य न रुकें। सदन की बैठक दोपहर 12 बजे से शुरू होनी थी। मगर भाजपा के कार्यकारिणी सदस्य और पार्षद मेयर बिहारी लाल आर्य के कक्ष में पहुंच गए। उन्होंने शैक्षणिक टूर का भुगतान न होने का मुद्दा उठाया। पार्षद मुकेश सोनी, अमित राय, अंकित सहारिया, हरिओम मिश्रा ने कहा कि सदन प्रभारी डॉ. राघवेंद्र सिंह ने इससे पहले गए दल का भुगतान बिना अनुभव प्रमाणपत्र के करवा दिया है। अब प्रमाणपत्र मांगा जा रहा है। सत्ताधारी दल के पार्षदों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। मौके पर मौजूद सदन प्रभारी ने भी अपना पक्ष रखा। पार्षद सदन प्रभारी को पद से हटाने की मांग करने लगे। उप सभापति सुशीला दुबे ने भी कार्रवाई की मांग की। इसी बीच नगर आयुक्त सत्य प्रकाश भी मेयर के कक्ष में पहुंचे। उनके साथ भी कुछ पार्षदों की बहस हुई। बातचीत में कोई निष्कर्ष न निकलने पर पार्षद और अधिकारी मेयर कक्ष से बाहर चले गए। कुछ देर बाद फिर मेयर और नगर आयुक्त ने पार्षदों के साथ दोबारा बैठक की। दोनों ने पार्षदों को समझाकर शांत कराया। फिर करीब ढाई घंटे बाद कार्यकारिणी की बैठक शुरू हुई।
विज्ञापन

बैठक में जैसे ही 16 दिसंबर 2023 को हुई कार्यकारिणी बैठक का कार्यवृत्त प्रस्तुत किया गया तो पार्षद महेश गौतम, विकास खत्री व अन्य पार्षद भड़क गए। क्योंकि, एक से सात नंबर तक के प्रस्ताव को पिछली बैठक में पास दिखा दिया गया था। जबकि, चार प्रस्ताव बैठक में रखे ही नहीं गए थे। इस पर पार्षदों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मंशा पर सवाल उठा दिए। पार्षद कामेश अहिरवार ने कहा कि मेयर को गुमराह करके उनके भी हस्ताक्षर करा लिए गए हैं। बाद में महापौर के हस्तक्षेप करने और अधिकारियों द्वारा त्रुटिवश हो जाने की बात कही गई, तब पार्षद शांत हुए। महापौर ने बताया कि बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 2.60 अरब का प्रस्ताव पास हो गया है। बैठक में अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, पार्षद प्रियंका साहू, रमा कुशवाहा, प्रदीप खटीक मौजूद रहे।

कार्यकारिणी की बैठक में उठे ये मुद्दे
- पार्षद महेश गौतम ने कहा कि सेवा प्रदाता एजेंसी के जरिए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को रखने का टेंडर जुलाई 2023 में खत्म हो चुका है। आखिर अब तक टेंडर क्यों नहीं कराया गया है। ये भी पूछा कि अतिक्रमण दस्ता सिर्फ ठेले वालों पर कार्रवाई करता है। जिन्होंने पक्की दुकानें बनाकर सड़क तक अतिक्रमण कर रखा है, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती। कहा कि बड़े दुकानदारों का भी चालान किया जाए।
- पार्षद अमित राय ने पार्षद राहुल कुशवाहा द्वारा उठाए गए बालू प्रकरण में जवाब मांगा। कहा कि बालू उठाने के बाद इंकार करने वाले अतिक्रमण दस्ते के प्रकरण में क्या कार्रवाई हुई। अपर नगर आयुक्त मो. कमर ने कहा कि शिकायतकर्ता को बुलाया गया है। वो अभी आया नहीं है। अमित ने कहा कि पिछड़े वार्डों में विकास कार्य उम्मीद अनुसार नहीं हो रहे हैं। इन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। सारा विकास कार्य शहर के चुनिंदा स्थानों पर क्यों हो रहे हैं। मेयर ने ऐसे वार्डों कोे चिह्नित कर काम कराने के निर्देश दिए। तबादला होने के बाद एक्सईएन को रिलीव न करने का भी मुद्दा उठाया।
- पार्षद अमित, महेश ने टेंडर की शर्तों से अतिरिक्त लगे कैंटीलीवर, गैंट्री पर सवाल पूछा। सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि जांच में 28 कैंटीलीवर और चार गैंट्री ज्यादा लगी मिली हैं। जिन्हें काटकर बिक्री की जाएगी।
विज्ञापन

- पार्षद आशीष रायकवार ने कहा कि गोशालाओं में गायों की स्थिति सही नहीं है। वीडियो भी दिखाया। गोशालाओं को लेकर हिसाब-किताब भी मांगा। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राघवेंद्र सिंह ने उन्हें जानकारी दी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें