दतिया। सोमवार को ग्राम जिगना निवासी मंगेश केवट ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की। उन्होंने दबंगों पर पुरानी रंजिश के चलते गोलीबारी और मारपीट का आरोप लगाया है। मंगेश ने बताया कि 21 अक्तूबर की रात वह कार से परिवार संग लौट रहे थे। तभी ग्राम निचरौली निवासी पप्पू यादव और जीतू यादव ने साथियों संग उनका रास्ता रोका। आरोप है कि हमलावरों ने कट्टे और बंदूकों से ताबड़तोड़ फायरिंग की। मंगेश और उनके परिजन गाड़ी के पीछे छिपकर जान बचाई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कारतूस बरामद किए। मंगेश का आरोप है कि सिविल लाइन थाने में टीआई ने आरोपियों के नाम दर्ज करने से मना किया और दुर्व्यवहार किया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। संवाद