- पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की आरोपियों की तलाश, सीसीटीवी फुटेज से की जा रही पहचान
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। दतिया में झांसी-ग्वालियर हाईवे पर स्थित डगरई टोल प्लाजा पर मंगलवार रात बाइक सवार बदमाशों ने टोल कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की। यहां दहशत फैलाने को उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग भी की। इससे टोल कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। इस दौरान जान बचाने के लिए भागे दो कर्मचारियों की टोल प्लाजा के पास एक खेत पर बने कुएं में गिरकर मौत हो गई। चिरुला थाना पुलिस ने 10-12 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है।
मंगलवार रात तकरीबन दस बजे चार बाइकों पर सवार होकर 10-12 बदमाश टोल प्लाजा पर पहुंचे। इनमें से ज्यादातर अपना मुंह गमछों से ढके थे। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने लेन नंबर छह पर ड्यूटी कर रहे रविंद्र बबेले के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों ने लेन नंबर एक पर ड्यूटी पर तैनात सुमित दांतरे के साथ मारपीट की। यह देख ड्यूटी पर तैनात अन्य कर्मचारी बदमाशों की ओर दौड़े। इस पर बदमाशों ने तमंचे से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इससे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आगरा के नयाबाग निवासी मैनेजर श्रीनिवास सिंह परिहार (37) और महाराष्ट्र के अकोला निवासी शिफ्ट इंचार्ज शिवाजी पोड़ेले (40) टोल ऑफिस के पीछे की ओर बने खेत की ओर दौड़े। हड़बड़ाहट में उन्हें खेत पर बना बगैर मुंडेर का कुआं नजर नहीं आया और वे दोनों उसमें जा गिरे।
सूचना पर चिरूला थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एसडीआरएफ की टीम ने कुएं में गिरे श्रीनिवास और शिवाजी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शिफ्ट इंचार्ज हरियाणा के पलवल जिले की तहसील हथीन के ग्राम कोंडल निवासी राजेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने 10-12 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चिरूला थाना प्रभारी नितिन भार्गव ने बताया कि टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के जरिये बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।