समथर। थाना समथर क्षेत्र के ग्राम लोहागढ़ में किसान जयप्रकाश की बिजली के नंगे तारों की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने गांव के रामनिवास उर्फ गुन्नू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जयप्रकाश के पुत्र चंद्रपाल ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 21 अक्तूबर को उनके पिता खेत पर घास काटने गए थे। आरोप है कि रामनिवास उर्फ गुन्नू ने बटाई पर लिए खेत में पानी के लिए जयप्रकाश के खेत की मेड़ के नीचे से नंगे तार निकाले थे। जयप्रकाश ने कई बार इन तारों को हटाने का विरोध किया था। इसके बावजूद आरोपी ने तार नहीं हटाए। घास काटते समय जयप्रकाश तारों की चपेट में आ गए और करंट लगने से उनकी जान चली गई। थाना प्रभारी अतुल कुमार राजपूत ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच जारी है। संवाद