झांसी। महानगर के गणेश चौराहे से दतिया गेट जाने वाले फिल्टर रोड के दिन जल्द बहुरने वाले हैं। सड़क पर हुए गहरे गड्ढों से जनता को निजात दिलाने की पहल शुरू कर दी गई है। नगर निगम ने सड़क का निर्माण शुरू करा दिया है। जिसे पांच दिन में पूरा कर दिया जाएगा।
महानगर में खस्ताहाल सड़कों और गड्ढों को लेकर अमर उजाला ने सेल्फी विद गड्ढा अभियान चलाया। इस अभियान के तहत लोगों ने फिल्टर रोड पर हुए गड्ढे के साथ सेल्फी साझा की। दतिया गेट की ओर जाने वाली फिल्टर रोड की हालत बेहद खस्ता थी। अभियान का हिस्सा बनने के बाद नगर निगम ने इस सड़क की सुध ली है। शुक्रवार से इसका निर्माण शुरू कर दिया गया है। सड़क का डामरीकरण किया जा रहा है। इस दौरान कुछ लीकेज निर्माण कार्य में बाधा बन रहे हैं। जिन्हें दुुरस्त किया जाएगा। अधिकारियों ने मानें तो बुधवार तक सड़क का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। अवर अभियंता देवीलाल शर्मा ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। लोगों को गड्ढों से निजात दिलाने की पहल की जा रही है। सड़क का निर्माण होने से काफी राहत मिलेगी।