झांसी। कृषि विभाग की तरफ से खाद बीज और कीटनाशक व्यापारियों पर लगातार छापे मारकर लाइसेंस निलंबन व निरस्त की कार्रवाई की जा रही है। व्यापारी अपनी दुकानें बंद किए हुए हैं। इसी समस्या को लेकर जनपद के विक्रेताओं ने शनिवार को एक दिन का सांकेतिक बंदी कर नाराजगी व्यक्त की और डीएम को ज्ञापन दिया। एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन की तरफ से किए गए प्रदर्शन के दौरान संजीव अग्रवाल ने बताया कि उर्वरक निर्माता कंपनियां थोच विक्रेताओं को 242 से लेकर 246 रुपये में यूरिया की बोरी दे रही हैं। इस पर केवल चार-पांच रुपये ही भाड़ा दिया जा रहा है। जबकि भाड़ा 25 से 30 रुपये पड़ रहा है। इसके अलावा, लोडिंग अनलोडिंग का 10 रुपये अतिरिक्त देना पड़ रहा है। यानी कि उन्हें खाद की बोरी 282 से 286 रुपये की पड़ रही है। जबकि, सरकार ने यूरिया के 266.50 रुपये प्रति बोरी निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि विक्रेताओं को जब नुकसान पहुंच रहा है तो वह कैसे सरकारी रेट पर किसानों को खाद उपलब्ध करा सकते हैं। ज्ञापन देने वालों में बृजेंद्र कुशवाहा, जगदीश गुप्ता, नरेंद्र चौहान, हंसराज बंसल, सुरेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में विक्रेता मौजूद रहे। संवाद