मऊरानीपुर। धौर्रा गांव की 20 वर्षीय कामिनी श्रीवास प्रताप नेशनल इंटर कॉलेज नईबस्ती में कक्षा 12 की छात्रा है। रविवार दोपहर करीब 3 बजे वह पैदल नयन ज्योति लाइब्रेरी जा रही थी। इसी दौरान एक पिकअप चालक ने तेजी और लापरवाही से उसे टक्कर मार दी। टक्कर से कामिनी का पैर कुचल गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के समय यातायात प्रभारी प्रेमपाल मौके पर मौजूद थे। उन्होंने भाग रहे पिकअप चालक और वाहन को तुरंत पकड़ लिया। चालक को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। स्थानीय राहगीरों की मदद से घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने कामिनी की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। संवाद