झांसी। जिला कारागार में निरुद्ध महिला बंदियों ने भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करवा चौथ मनाया। कारागार प्रशासन की ओर से व्रत धारण करने वाली महिलाओं के लिए पूजन सामग्री, फल, मिठाई और सुहाग-श्रृंगार की सामग्री उपलब्ध कराई गई। महिलाओं ने पूजा-अर्चना, लोकगीतों और भजन-कीर्तन के बीच पर्व मनाया। रात में पूजन-अर्चन के बाद व्रत का पारण किया। कारागार प्रशासन के अनुसार करवा चौथ पर 12 महिला बंदियों ने व्रत रखा। इनमें 11 विचाराधीन और एक सिद्ध दोष महिला बंदी शामिल थी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक महिलाओं को उनकी आवश्यकता के मुताबिक सारी सामग्री मुहैया कराई गई। उन्होंने सामूहिक तौर से पूजन अर्चन किया।