झांसी। अंबाबाई इलाके में बिल बकाया होेने पर विद्युत कनेक्शन काटने गए विद्युत कर्मियों की पिता-पुत्र ने घेरकर पिटाई कर दी। मारपीट के बाद पिता-पुत्र फरार हो गए। विद्युत अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
अंबाबाई खंड के जेई मोहित ने पुलिस को बताया कि राधे श्याम पुत्र पन्ने अहिरवार पर 1.49 लाख रुपया बकाया है। शनिवार को बिजली विभाग से सूरज प्रसाद, कोमल प्रसाद, राहुल शर्मा, नीतेश शाक्य, नरेंद्र, पुष्पेंद्र, वीरेंद्र एवं राम गोपाल की टीम कनेक्शन काटने पहुंची थी। इसकी भनक लगने पर राधेश्याम अपने पुत्र भूरा के साथ वहां आ धमका। राधेश्याम ने विद्युत कर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया। विद्युत कर्मियों के प्रतिवाद करने पर राधेश्याम ने सूरज को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। पुत्र भूरा ने लाठी लेकर उसे पीटना शुरू कर दिया। दोनों ने लाठी डंडों से सूरज एवं कोमल की जमकर पिटाई कर दी। अन्य लोगों के बीच-बचाव करने से किसी तरह अन्य कर्मचारी बच सके। मारपीट की सूचना विद्युत कर्मियों ने अफसरों को दी। इसके बाद सीपरी बाजार थाने में जेई मोहित ने तहरीर दी। इंस्पेक्टर सीपरी बाजार जेपी पाल के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने, जान से मार डालने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।