फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi: चार बेटियों के पिता की खेत पर गला रेतकर हत्या, तीन साल पहले की इस घटना ने बढ़ा थी दुश्मनी

Mon, 24 Apr 2023 01:10 AM IST
झांसी ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, झांसी

सार

मृतक के परिजनों ने लड़की के परिवार वालों पर हत्या का शक जताया है। चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हत्या के बाद से आरोपी परिवार फरार है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सकरार थाना इलाके में खेत पर चार बेटियों के पिता की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पहले से शादीशुदा युवक तीन साल पहले एक नाबालिग लड़की को फुसलाकर ले गया था। बाद में लड़की के बालिग होने पर उससे शादी कर ली। इसे लेकर लड़की के परिवार वाले युवक से रंजिश रखे हुए थे। मृतक के परिजनों ने लड़की के परिवार वालों पर हत्या का शक जताया है। चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हत्या के बाद से आरोपी परिवार फरार है। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

विज्ञापन

सकरार के नदीपार मुहल्ला निवासी राजाभैया कुशवाहा का इकलौता पुत्र करण कुशवाहा (35) खेतीबाड़ी करता था। इन दिनों उसने अपने खेत पर सब्जियां उगाई हुईं थीं। रविवार की सुबह सात बजे वह घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था। इसके एक घंटे बाद तकरीबन आठ बजे परिजनों को सूचना मिली कि करण की हत्या कर दी गई है और उसका शव खेत पर पड़ा हुआ है। इस पर परिजन व अन्य ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि करण का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। गले में गहरा घाव था। साथ ही बाएं हाथ में भी घाव थे।

घरवालों की सूचना पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह और सीओ अरुण कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि पहले से शादीशुदा करण कुशवाहा तीन साल पहले पास ही में रहने वाली एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस मामले में वह जेल भी गया था। पुलिस ने लड़की को भी बरामद कर लिया था। लेकिन, लड़की घर जाने को राजी नहीं हुई थी। इस पर उसे नारी निकेतन भेज दिया गया था। डेढ़ महीने जेल में रहने के बाद करण जमानत पर बाहर आया था।

उधर, इसी साल लड़की के बालिग होने पर करण कुशवाहा से उससे कोर्ट मैरिज कर ली थी। तीन महीने से वह करण के साथ उसके घर में रह रही थी। इसे लेकर लड़की के परिवार के लोग करण से रंजिश रखे हुए थे। पिता राजाभैया कुशवाहा ने लड़की के परिवार वालों पर हत्या का शक जताया है। घटना के बाद से लड़की के परिवार के सभी लोग फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेजा है। इस मामले में पुलिस ने देर शाम सियाराम, देशराज, मानवेंद्र समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
विज्ञापन

14 साल पहले हुई थी शादी, चार बेटियों का है पिता
मृतक करण कुशवाहा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी 14 साल पहले शादी नीतू से हुई थी। उसकी चार बेटियां जयमाला (12), दीपिका (10), माहेश्वरी (8) व मिस्टी (2) हैं। तीन महीने से दूसरी पत्नी भी उसके घर में रह रही थी। घटना के बाद पुलिस ने उसकी दूसरी पत्नी को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। देर शाम पिता ने थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें