झांसी। बबीना थाना क्षेत्र के मुटरन मानपुर गांव में एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह श्वांस की बीमारी से जूझ रहे थे।
बबीना थाना क्षेत्र के मुटरन मानपुर गांव निवासी अमर सिंह राजपूत किसान थे। उनके बेटे हरवास और बेटी हरनाम की शादी हो चुकी है, जबकि पत्नी की मौत कई साल पहले हो चुकी थी। सोमवार की रात वह घर के नीचे वाले हिस्से में बने कमरे में सो रहे थे, जबकि बेटा और बहू ऊपर वाले कमरे में थे। रात में उन्होंने कुंदे में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मंगलवार की सुबह परिजनों ने उनका शव फंदे पर लटका देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को रस्सी से नीचे उतारने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने बताया कि वह श्वांस की बीमारी से पीड़ित थे।