झांसी में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की चिरगांव शाखा में 2.13 करोड़ के घपले के मामले में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक प्रशांत खरे समेत चार बैंक कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस की जांच-पड़ताल में यह बात सामने आई कि बैंक अधिकारियों ने पुराने खातों से रकम निकालने में ग्राहकों के नाम की चेक बुक का इस्तेमाल किया।
दरअसल जिस चेक से भुगतान हुआ उसके हस्ताक्षर सीबीएस सिस्टम से मेल नहीं खाए लेकिन, इसके बावजूद करोड़ों रुपये का भुगतान किया गया। ग्राहकों के नाम से एटीएम कार्ड जारी कराकर भी उसके सहारे मोटी रकम निकाल ली गई।
बैंक अफसरों ने पुलिस को बताया कि जिन खातों में पिछले 7 से 9 साल मेें लेनदेन नहीं हुआ, उसका इस्तेमाल किया गया। कई मामलों में ग्राहकों को चेक बुक जारी हुई लेकिन, जांच में चेक के हस्ताक्षर सीबीएस सिस्टम में उपलब्ध हस्ताक्षर से मेल नहीं खाए।
पड़ताल में यह बात सामने आई कि जिन ग्राहकों को एटीएम कार्ड एलॉट नहीं था, उनके एटीएम कार्ड फर्जी तरीके से एलॉट किए गए और रकम निकाली गई। उधर, क्षेत्रीय प्रमुख संदीपन दास गुप्ता का कहना है कि गबन के खिलाफ चारों बैंक कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।