सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के अंबावाय गांव निवासी मिथुन (26) ठेके पर सरिया बांधने का काम करता था। परिजनों के मुताबिक रविवार को रक्सा में काम के सिलसिले में गया था। शाम करीब सात बजे घर लौटा तब उसने शराब पी हुई थी।
परिजनों ने नाराजगी जताते हुए उसे शराब पीने से मना किया। इसको लेकर उसका भाई समेत अन्य से झगड़ा हुआ। इसके बाद मिथुन बिना खाना खाए कमरे में चला गया। परिवार के दूसरे लोग भी सोने चले गए।
सोमवार को काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला। बड़े भाई संतोष ने जब खिड़की से देखा, अंदर मिथुन फांसी के फंदे से लटका हुआ था। सूचना मिलने पर सीपरी बाजार पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों का कहना है कि पिता घनश्याम की आठ माह पहले बीमारी से मौत हो गई थी। अन्य भाइयों की शादी हो चुकी लेकिन, मिथुन की शादी नहीं हुई है।
मिथुन को शराब पीने की लत लग गई थी। मना करने पर वह मानता नहीं था। सीपरी बाजार इंस्पेक्टर जेपी पाल के मुताबिक पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।