झांसी में शिक्षकों की तैनाती में हुए खेल का भंडाफोड़ होने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। पूरे प्रदेश में छह जनवरी 2022 के बाद से तैनात हुए शिक्षकों की पड़ताल शुरू कर दी गई है। क्योंकि, विभाग की ओर से छह जनवरी के बाद से किसी भी राजकीय विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई है। वहीं, तीनों विद्यालयों की प्रधानाध्यापिकाओं के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की गई है। प्रधानाध्यापिकाओं ने बगैर जिला विद्यालय निरीक्षक की सहमति के बाद शिक्षकों को ज्वॉइनिंग दे दी थी।
पहले एक शिक्षक का फर्जी नियुक्ति पत्र सामने आया था। इसके बाद हुई पड़ताल में चार फर्जी शिक्षक और सामने आए हैं। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। पांचों पुलिस हिरासत में हैं। इसके अलावा विभाग को सूचना दिए बगैर ज्वाइनिंग कराने वालीं तीनों विद्यालयों की प्रधानाध्यापिकाओं के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है। - ओमप्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक