एरच। लगातार कई वर्षों से क्षेत्रवासियों द्वारा एरच स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर सीएचसी बनाए जाने की मांग अभी तक पूरी न किए जाने पर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। उन्होंने एक बार फिर शासन से एरच स्वास्थ्य केंद्र को सीएचसी का दर्जा दिलाते हुए सुविधाएं बढ़ाए जाने की मांग की है। जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। एरच क्षेत्र से जुड़े लगभग दो दर्जन गांव लभेरा, गोती, कठर्री, गेंदाकबूला, जुझारपुरा, रोतानपुरा, शमसेरपुरा, झबरा, जखनवारा, डिकोली, इसकिल, नेकेरा, गोरा, भदरवारा, अहरौरा, रियां, देवरा सहित कई गांव के मरीजों का एरच स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क रहता है लेकिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र होने से यहां पर मरीजों को सुविधाएं कम मिल पाती हैं। जिससे मरीज बामौर एवं सीएचसी मोंठ जाने को विवश रहते हैं। एरच स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत किए जाने को लेकर लगातार दस साल से लोगों की मांग जारी है, लेकिन इस ओर विभाग के उच्चाधिकारी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इस संबंध में प्रताप सिंह कुशवाहा, मालती पांचाल पूर्व सभासद, रोहित अहिरवार, सभासद, अमित बुधौलिया, सभासद, लखन रत्नाकर, सभासद ने जल्द से जल्द उच्चीकृत कराए जाने की मांग की। इस संबंध में विधायक जवाहर लाल राजपूत के मुताबिक एरच स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत किए जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस सबंध में विभाग के उच्च अधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत भी कराया है।