झांसी। आयुक्त सभागार में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली की मंडलीय समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त डॉ. आदर्श सिंह ने राजस्व वादों के निस्तारण की प्रगति खराब होने पर नाराजगी जताई। कहा कि नामांतरण के तहत पांच वर्ष से अधिक पुराने वादों का निस्तारण कर आख्या उपलब्ध कराएं। अधिकारियों को निर्देश दिए कि वसूली से संबंधित मासिक लक्ष्यों को सभी विभाग शत-प्रतिशत पूर्ण करें। विद्युत विभाग, पीएम आवास योजना, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग आदि विभागों की भी समीक्षा की। कहा कि जिन विभागों की प्रगति सीएम डैशबोर्ड पर संतोषजनक नहीं है, वह विभागीय अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए गंभीरता से काम करें। कहा कि 24 से 26 जनवरी तक उत्तर प्रदेश दिवस पर जनपद स्तर में सफल आयोजन हों। बैठक में डीएम अविनाश कुमार, अपर आयुक्त प्रशासन महेंद्र कुमार मिश्रा, संयुक्त विकास आयुक्त ऋषि मुनि उपाध्याय, सीडीओ जुनैद अहमद, एडीएम अरुण सिंह, एडीएम वरुण पांडेय, एडी बेसिक अरुण कुमार शुक्ला, उप श्रमायुक्त नदीम अहमद, उप निदेशक उद्यान विनय कुमार मौजूद रहे।