झांसी। चेस्ट एवं रेस्पिरेटरी विभाग के बदहाल आइसोलेशन वार्ड में रोगियों को भर्ती करने के मामले को मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। विभागाध्यक्ष को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है कि बदहाल वार्ड में मरीजों को क्यों भर्ती किया जा रहा था? अमर उजाला ने विगत 28 मई को बदहाल आइसोलेशन वार्ड में भर्ती रोगियों को होने वाली दिक्कत पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इस पर कॉलेज प्रशासन ने 29 मई को पूरा वार्ड सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में शिफ्ट कर दिया। यही नहीं, शुक्रवार को विभागाध्यक्ष को नोटिस भेजा गया है। इसमें पूछा गया है कि बदहाल वार्ड की समस्याओं से अवगत क्यों नहीं कराया गया। एसआईसी डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि बदहाल आइसोलेशन वार्ड में मरीजों को भर्ती रोगियों को न सिर्फ नए वार्ड में शिफ्ट किया गया है बल्कि विभागाध्यक्ष को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। ब्यूरो