संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में शनिवार को वार्षिक परीक्षा फल वितरित किया गया। आगे की कक्षा में जाने को लेकर छात्र-छात्राओं में खुशी देखने को मिली। वहीं कक्षा और स्कूल में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
यहां 1354 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय हैं। साथ में छह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हैं। इनमें 1.68 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। 20 से 27 मार्च तक कक्षा एक से आठवीं तक की वार्षिक परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। इसके बाद कॉपियों का मूल्यांकन और परीक्षा फल तैयार किया गया। शनिवार को सभी विद्यालयों में परीक्षा फल वितरण हुआ। बच्चे सुबह ही अपने विद्यालयों में पहुंच गए थे। प्रधानाध्यापकों व इंचार्ज प्रधानाध्यापकों सहित शिक्षकों ने कक्षावार परीक्षा फल वितरित किए। इसे पाकर बच्चे काफी खुश दिखाई दिए। वहीं टॉप करने वाले बच्चों को विद्यालय स्टाफ ने शाबासी दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
-
कक्षा पांच और आठवीं के छात्र हुए भावुक
वार्षिक परीक्षा का रिजल्ट घोषित होने के बाद कक्षा पांच और आठ के बच्चे अब अगली कक्षा के लिए दूसरे स्कूल में दाखिला लेंगे। अपने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित साथियों को छोड़ने का गम भी बच्चों में दिखाई दिया। खासकर लड़कियां अपनी सहेलियों को गले लगाकर भावुक हो गईं। शिक्षक-शिक्षिकाओं से बिछड़ने पर उनकी आंखों में आंसू थे। शिक्षक भी अपने बच्चों के जाने से मायूस दिखे।
वार्षिक परीक्षाओं का परीक्षाफल शनिवार को स्कूल वार वितरित किया गया। जो बच्चे परीक्षा फल लेने नहीं आ पाए, वे अगले कार्यदिवस में परीक्षा फल ले सकेंगे।
हरिकेश यादव, बीएसए