अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अठोंदना गांव में शशि अहिरवार की हत्या की गुत्थी उलझ गई है। पुलिस ने नामजद आरोपी के तौर पर युवक की पत्नी लक्ष्मी एवं उसके दोस्त को हिरासत में लेकर कई घंटे पूछताछ की लेकिन, उनसे अभी तक कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगे। हत्या की कड़ी भी नहीं जुड़ पा रही है। युवक मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था। इस वजह से भी पुलिस को सुराग लगाने में मुश्किल हो रही है। पुलिस शराब की दुकानों के पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। वहीं, शशि की सास एवं साला अभी तक पुलिस के हाथ नहीं आ सके। पुलिस उनको तलाश रही है।दतिया निवासी शशि अहिरवार (35) पुत्र राम भरोसे की रविवार रात शराब पिलाकर पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई थी। सोमवार तड़के उसका शव अठोंदना पुल के पास से बरामद हुआ। उसके भाई विनोद ने शशि की पत्नी लक्ष्मी, साला सोनू समेत दोस्त मदन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने लक्ष्मी एवं मदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की लेकिन, कई घंटे पूछताछ के बाद भी वारदात में उनकी भूमिका तय नहीं हो सकी। पूछताछ के दौरान मालूम चला कि शशि रविवार शाम करीब 7:30 बजे घर से निकला लेकिन, रात में किसके साथ उसने शराब पी, यह पता नहीं लगा। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी भी देखे जा रहे हैं।