झांसी। अमर उजाला में 15 जुलाई को इन पुलिस चौकियों पर भी कीजिए चेकिंग, यहां खूब होती बिजली चोरी शीर्षक के साथ खबर छपने के बाद बिजली विभाग हरकत में आ गया है। अब महानगर की 19 पुलिस चौकियों में बिजली का मीटर लगाया जाएगा। अभी तक इन पुलिस चौकियों में बिना मीटर के ही बिजली का प्रयोग किया जा रहा था। इन पुलिस चौकियों में कोई बिजली का बिल नहीं आता था। जिससे लाखों रुपयों का विभाग को नुकसान होता था।
अधिशासी अभियंता डी. यादवेंदु ने बताया कि नगरीय वितरण खंड प्रथम, द्वितीय और तृतीय के सभी उपखंडों के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकियों में बिजली मीटर लगाए जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिससे इन पुलिस चौकियों से भी रीडिंग के हिसाब से बिजली का बिल लिया जा सके। जल्द से जल्द सभी पुलिस चौकियों में बिजली मीटर लगाए जाएंगे। मीटर लगने के बाद विभाग के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।
इन पुलिस चौकियों पर नहीं है बिजली कनेक्शन
- पुलिस चौकी सीपरी बाजार, पुलिस चौकी मसीहागंज सीपरी बजार, पुलिस चौकी खंडेराव गेट, पुलिस चौकी पुलिया नं.9, ईदगाह, पुलिस चौकी सिद्देश्वर मंदिर के बगल में, पुलिस चौकी मिनर्वा चौराहा, जिला अस्पताल के पास, पुलिस चौकी ग्रासलैंड, पुलिस चौकी नई बस्ती, पुलिस चौकी इलाइट, पुलिस चौकी किलागेट, पुलिस चौकी जेल, पुलिस चौकी आशाज्योति केंद्र, रिपोर्टिंग महिला पुलिस चौकी, पुलिस चौकी चमनगंज, पुलिस चौकी लहरगिर्द, चौकी प्रभारी महिला रिपोर्टिंग, चौकी ( पुलिस अधीक्षक नगर के अधीन), थाना नवाबाद, महिला थाना।